अधर में लैम्पस निर्माण
प्रखंड क्षेत्र के कुलडंगाल पंचायत में प्रस्तावित लैम्पस भवन निर्माण कार्य को लेकर उत्पन्न विवाद गहराने लगा है। जानकारी के अनुसार आईसीडीसी योजना के अंतर्गत लैम्पस समिति जामताड़ा के तत्वावधान में 100 मैट्रिक टन का गोदाम बनाने के लिए उस पंचायत के भेड़ो गांव में नींव डाली गई थी। इतने में पंचायत मुख्यालय एवं आसपास क्षेत्र के लोगों को इसकी भनक लगते ही उन्होंने मनमाने ढंग से स्थल चयन करने, मुख्यालय स्थित गांव को सूचना दिए बगैर तथा पंचायत मुख्यालय के लोगों को आमसभा की सूचना के बिना तथा समिति के सदस्यों को नजरंदाज कर अन्य तरीके से प्रक्रिया पूरा करने संबंधी आरोप लगाते हुए उपायुक्त जामताड़ा को एक अनुरोध पत्र सौंपा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पंचायत मुख्यालय होने के नाते वहां पंचायत सचिवालय, बैंक, डाकघर, सिंचाई कॉलोनी, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र के अलावा साप्ताहिक हटिया भी लगती है। पंचायत का मुख्य जन समागम स्थल एवं आधा दर्जन से अधिक सरकारी कार्यालय संचालित होने से क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थल में हर तरह की सुविधा मिल जाती है। ग्रामीणों के इस अनुरोध पत्र को देखते ही उपायुक्त ने फौरन निर्माणाधीन कार्य को रोकने के लिए बीडीओ नाला को निर्देश दिया है। कार्य को तत्काल रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन ने पहल की है। लेकिन आश्चर्य की बात है कि उपायुक्त के निर्देश को दरकिनार करते हुए उस तिथि से एक ही दिन बाद यानी शुक्रवार को जिला समिति के प्रबंधक सुनील कुमार के निर्देश पर रूका हुआ काम फिर से शनिवार को चालू किया गया है। इस संबंध में महा प्रबंधक द्वारा भेजे गए निर्देश में कहा गया है कि कार्य को रोकना असंवैधानिक है तथा इसे हर हाल में चालू रखना चाहिए। वरना सारी जवाबदेही बंद करने वाले अधिकारी की होगी। इस संबंध में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी देवनारायण रविदास का कहना है कि निर्माण कार्य को तत्काल बंद रखने के लिए ग्रामीणों को सूचना दी गई है। निर्माण कार्य को लेकर विवाद के दौरान न्याय पाने के लिए कुलडंगाल के तपन कुमार झा, शक्तिपद पाल आदि थे।