बीएड कॉलेज मधुपुर ले गए पूर्व विधायक
जामताड़ामें 100 शय्या वाले अस्पताल का निर्माण जिलेवासियों के बेहतर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय है। इस बात की चर्चा करते हुए जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी विष्णु प्रसाद भैया ने कहा कि अपने कार्यकाल में उनके द्वारा कई उल्लेखनीय कार्य किया है। दर्जनों छोटे बड़े पुल पुलिया का निर्माण किया गया है। विष्णु रविवार रात कूर्मिपाड़ा और कानगोई के बीच मेन रोड में पार्टी के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि बहुत सारे कार्य करने हैं। जिसे पूर्ण करने के लिए जनता को एक बार और मौका देना होगा। जिले में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था करने की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने का भी कार्य किया जाएगा। विष्णु ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व विधायक ने जामताड़ा के साथ धोखा किया है और जनता को छलने का काम किया है। जामताड़ा के हिस्सा के बीएड कालेज को मधुपुर लेकर चले गए। उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान 4 वर्ष तक तो दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण क्षेत्र की जनता का काम नहीं कर पाया। जिसका मुझे मलाल है। बचे हुए 6 वर्षों में हर संभव विकास का कार्य किया है। इससे पहले सांसद प्रतिनिधि सह जिलाध्यक्ष श्यामलाल हेम्ब्रम ने कहा कि कोई कुछ भी कर ले जेएमएम की सरकार बनने से नहीं रोक सकता। यहां एक ही लहर है विष्णु का। नगर अध्यक्ष प्रो कैलाश प्रसाद साव ने कहा कि इस बार चुनावी लड़ाई 14 साल बनाम 14 महीने की है। हेमंत सरकार ने 14 महीने में जो कर दिखाया है वह 14 वर्षों में भाजपा के शासन में भी नहीं हुआ। इस अवसर पर रीता महतो, नपं उपाध्यक्ष बंटू आईजक, पूर्व नपं उपाध्यक्ष कमल गुप्ता, जेजेएस कालेज के प्राचार्य कृष्ण मोहन साह, रूपेश सिन्हा ने निवर्तमान विधायक को विकास पुरुष बताते हुए उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा से करीब आधा दर्जन लोग झामुमो में शमिल हुए। विष्णु ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मौके पर विजय भंडारी, शेखर सिंह, डा अभिषेक भैया, रंजू पासवान सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यालय उद्घाटन के मौके पर भैया।