सर्वांगीण विकास के लिए दें वोट
भाजपाका चुनावी कार्यालय मिहिजाम थाना क्षेत्र के गोरायनाला में खोला गया। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी वीरेंद्र मंडल ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि तन मन धन से इस बार भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए वीरेंद्र ने कहा कि राज्य के लोग भ्रष्टाचार, परिवारवाद से त्रस्त हैं। इस समस्या के समाधान के लिए भाजपा ही जनता के समक्ष एक मात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर बूथ स्तर पर चुनाव की तैयारी करें, तभी भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी। कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता निष्ठावान बन कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन पर सरकार बनने जा रही है। वीरेंद्र ने कहा कि जामताड़ा विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए जनता अपना मन बना चुकी है। जामताड़ा विधानसभा में इस बार ऐतिहासिक रुप से भाजपा की जीत होगी। जनता झूठे वादे और प्रलोभन में फंसकर कोई भूल करनी वाली नहीं है। आज जामताड़ा विधानसभा विकास से कोसों दूर है। अगर जनता मुझे मौका दें तो जामताड़ा में विकास की गंगा बहाने का कार्य किया जाएगा।
गोरायनाला में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करते वीरेंद्र।