डीसी ने किया पौधारोपण का शुभारंभ
मुरलीपहाड़ी | वनएवं पर्यावरण जलवायु विभाग जामताड़ा की ओर से झारखंड केम्पा द्वारा गोविन्दपुर साहेबगंज पथ के जामताड़ा जिलान्तर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को उपायुक्त डाॅ शांतनु कुमार अग्रहरि ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीसी द्वारा घेराव कार्य का भी शिलान्यास किया गया। मौके पर डीसी ने कहा कि जिन पेड़ों की कटाई एडीबी सड़क निर्माण के दौरान किया गया था उसकी भरपाई के लिए सड़क के किनारे पौधारोपण कर घेराव किया जा रहा है। कहा कि वातावरण को स्वच्छ बनाना ही सभी का लक्ष्य है। जलवायु संतुलित बनाए रखने के लिए सभी को पेड़ पौधा लगाना आवश्यक है। प्रकृति से छेड़छाड़ करने से हमें शुद्ध जलवायु नहीं मिल सकती है। इसलिए पेड़ का लगाया जाना मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। मौके पर डीएफओ राज कुमार साह ने कहा कि जामताड़ा जिला अंतर्गत 50 किलोमीटर तक पौधारोपण कार्य किया जा रहा है। एडीबी द्वारा राशि वन विभाग को उपलब्ध करा दी गई है। उपायुक्त ने नर्सरी का निरीक्षण किया। डीसी ने डीएफओ को नर्सरी की देखभाल सही तरीके से करने का निर्देश दिया। मौके पर नारायणपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी जितेन्द्र हाजरा वन समिति के सदस्य उपस्थित थे।