मिहिजाम के रेल पार में 7 साल बाद पहुंचा पानी
नगरपरिषद मिहिजाम के रेल पार की आधी आबादी को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल मिलने का सपना मंगलवार को साकार हुआ। करीब 7 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद रेल पार के कोरापाड़ा में बने 10 गैलन क्षमता वाले जलमीनार से पानी की सप्लाई शुरू की दी गयी। हाईस्कूल के निकट वार्ड संख्या 6 में टाइम नल का उद्घाटन किया गया। इससे इलाके के लोगों ने खुशी जाहिर की। लोगों के चेहरे खिल उठे। जानकारी के मुताबिक रेल पार के कानगोई, अंबेडकर नगर, हटिया, कृष्णानगर समेत 12 जगहों पर टाईम नल कि व्यवस्था की गई है। जबकि सालबागान इलाके में 22 जगहों पर टाईम नल दिए जाएंगे। वर्ष 2009-10 की शहरी पेयजलापूर्ति योजना कच्छप गति से चलते चलते 7 साल बाद रेल पार पहुंची। इस अवसर पर नप अध्यक्ष जयश्री देवी ने भी खुशी जाहिर की है। मौके पर शुभाशीष चंद्रा, फुल कुमारी देवी, डाॅ लक्ष्मण तिवारी, कमल गुप्ता, प्रदीप मित्रा, बाबुल घोष, राजीव चौरसिया, कामेश्वर मोदी, गोलू, रिमो, मंजीत उपस्थित थे।
करीब 10 दिन पूर्व ही उपायुक्त जामताड़ा ने नए कनेक्शन के लिए जनवरी माह में सुरक्षा राशि 2 हजार रुपए, फरवरी माह से तीन हजार रुपए और मार्च माह से पूरे 4 हजार रुपए उपभोक्ताओं से लिए जाने की बात कही थी। लेकिन वास्तविकता इससे भिन्न नजर रही है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद कार्यालय में जाने पर कहा जाता है कि ऐसा कोई लिखित नोटिफिकेशन हमारे पास नहीं है। इसलिए पूरे 4 हजार रुपए ही देने होंगे। कम राशि लेने पर तो उल्टे हमारी जेब से ही काटे जा सकते है। ऐसे में लोगों के समक्ष दुविधा की स्थिति बनी हुई है। लोगों ने उपायुक्त से अपील की है कि इस स्थिति को पारदर्शी करते हुए समस्या का निदान कराए।