मध्य विद्यालय, नवडीहा में नहीं हुई सरस्वती पूजा
जमुआप्रखंड के विभिन्न शिक्षण संस्थानों क्लबों में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा अर्चना की धूम रही। शनिवार को आयोजित इस उत्सव में जहां स्कूलों में उत्सव का माहौल रहा वहीं प्रखंड के नवडीहा स्थित करीब 50 वर्ष पुराने मध्य विद्यालय में सरस्वती पूजा का आयोजन नहीं किये जाने से विद्यालय के छात्रों समेत स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकार बताते हैं कि सरकारी अथवा गैरसरकारी विद्यालयों में विद्या की देवी माता सरस्वती की पूजा अर्चना करने की पुरानी परंपरा रही है। इतना ही नहीं सरस्वती पूजा को लेकर प्राथमिक विद्यालय से लेकर महाविद्यालय तक के छात्रों में उत्साह का माहौल देखा जाता है। नवडीहा मध्य विद्यालय के प्रबंधन द्वारा पूजा का आयोजन नहीं किया जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। इस बाबत वार्ड सदस्य सह भाजपा नेता अशोक साव एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवंती भारती ने बताया कि इस विद्यालय में बीते 50 वर्षों से लगातार सरस्वती पूजा का आयोजन होता रहा है। यह पहला मौका है जब विद्यालय प्रबंधन की बेरुखी के कारण पूजा नहीं हो रहा है। जिससे विद्यालय के छात्रों और नागरीको में आक्रोश व्याप्त है।