गिरिडीह की उपनगरी पचंबा में बनेगा थाना, कवायद तेज
गिरिडीहके पचंबा में प्रस्तावित थाना का निर्माण लगभग तय हो गया है। सरकार से भी मंजूरी मिल चुकी है। 2014-15 से लंबित इस प्रस्ताव पर राज्य के सीएस और डीजीपी ने भी गंभीरता दिखाई है। गिरिडीह-जमुआ भाया कोवाड़ रोड में इस थाना के निर्माण को लेकर जमीन चयन की कवायद शुरू कर दी गई है। सरकार ने स्थल चयन का निर्देश देते हुए अधिसूचना जारी करने के लिए अंतिम सूची भेजने का निर्देश दिया है। पचंबा गिरिडीह की उपनगरी मानी जाती है। इसमें पचंबा चौक तक नगर थाना के अधीन है तो बाकी इलाका मुफ्फसिल क्षेत्र में पड़ता है। लेकिन दोनों थानों के अधीन के इलाके को मिलाकर तीसरा थाना खोला जाएगा।
राज्य पुलिस मुख्यालय को भेजे गए प्रस्ताव में सदर प्रखंड के आठ पंचायतों के 50 गांव को शामिल किया गया था। इसमें अधिकांश क्षेत्र मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हैं। इसी प्रकार नगर थाना क्षेत्र के कुल छह वार्ड के 34 से अधिक मुहल्लों को पचंबा के प्रस्तावित थाना में शामिल किया गया है। जिसमें नगर थाना क्षेत्र के वार्ड एक से छह के मुहल्लों में भगवान दास रोड, पेठियाटांड़ रोड, गौशाला रोड, दीवानटोला, अदुंडीह, राजगढ़िया रोड, हवाई अड्डा रोड, बोड़ो, बिशनपुर, बनखंजो, जीडी बगेड़िया नर्सिंग होम, लखारी, 28 नंबर भंडारीडीह, रतन माईका रोड, नर्मदा धाम रोड समेत अन्य मोहल्ले शामिल हैं।
जबकि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिगदारडीह, परसाटांड़, चैताडीह, भंडारीडीह, करहरबारी, तेलोडीह, रानीखावा, पिंडाटांड़ पंचायत के 52 गांव शामिल है।
बड़ा है इलाका
पचंबाथाना बनने के बाद सबसे अधिक राहत मुफ्फसिल थाना को मिलेगी। गिरिडीह से जमुआ जाने वाले दोनों रूट रानीखावा, चितरडीह रोड के अलावा कोवाड़, धनयडीह, सेनादोनी, द्वारपहरी तक मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में है। मुफ्फसिल थाना से उन इलाकों की दूरी अधिक रहने के कारण ही घटनाओं को अंजाम देकर अापराधिक गिरोह पुलिस की गिरफ्त से बचने में सफल रहे थे। पचंबा थाना का निर्माण होने से काफी हद तक अापराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।
^पचंबा के प्रस्तावित थाना भवन का निर्माण गिरिडीह-जमुआ भाया कोवाड़ रोड में कराया जाएगा। थाना भवन के प्रस्तावित स्थल के लिए जल्द ही डीसी के पास जमीन उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा जाएगा।\\\'\\\' शंभूसिंह, डीएसपी-टू-गिरिडीह मुख्यालय