पुल निर्माण में घटिया कार्य की शिकायत
जमुआप्रखंड के ग्राम पंचायत चरघरा के अंतर्गत ग्राम गिधियो मे डहुघाट पुल निर्माण मे घटिया कार्य किए जाने का विरोध ग्रामीणों ने किया है। इस बाबत ग्रामीणों ने गिरिडीह उपायुक्त को एक पत्र लिखकर पुल निर्माण मे अनियमितता की जांच की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार गिधियो गांव मे बीआरजीएफ से हो रहे पुल निर्माण कार्य मे घटिया सामग्री का उपयोग करने का आरोप संवेदक पर लगाया है। पुल निर्माण का कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है और छत टूटकर गिरने लगा है। कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य मे घोर अनियमितता बरती गई है। एक माह पूर्व ढाली गई पुल की छत का कुछ हिस्सा अभी से ही टूट कर गिरने लगा है। पुल एवं गार्डवाल के निर्माण मे 10-1 का मसाला से जोडाई का काम किया जा रहा है। पुल एवं गार्डवाल का बुनियादी भी कमजोर है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल की ढलाई रात्री मे की गई है। उस वक्त कनीय अभियंता और सहायक अभियंता भी नहीं थे। ग्रामीण की मांग है कि उक्त पुल की गुणवत्ता की जांच कराई जाय। ग्रामीणों ने कहा कि जांच नहीं की गई तो किसी भी तरह की दुर्घटना की जिम्मेवारी प्रशासन की होगी।