भाकपा ने घेरा बिजली आॅफिस
भास्कर न्यूज | झुमरी तिलैया
भाकपाजिला परिषद ने बिजली की समस्याओं को लेकर सोमवार को प्रमंडलीय ऊर्जा निगम कार्यालय का घेराव किया। घेराव से पूर्व पुराना बस स्टैंड से एक रैली निकाली गई, जो कार्यालय पहुंचकर घेराव कार्यक्रम में तब्दील हो गई। घेराव कार्यक्रम पर एक सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए जिला मंत्री महादेव राम ने कहा कि जिलेवासियों को मात्र 8-10 घंटे बिजली मिल रही है। जयनगर चंदवारा प्रखंड में बिजली की आपूर्ति और बुरी है। ये दोनों प्रखंडों में मात्र 4-5 घंटे बिजली रहती है। कहा कि फ्रेंचाइजी कंपनी के आने के बाद से जिले में आपूर्ति की स्थिति और बिगड़ी है। उन्होंने कंपनी के इकरारनामे को रद्द करते हुए कार्य से वापस भेजने की मांग की। सभा को प्रकाश रजक, महेश सिंह, पुरुषोत्तम यादव, लीलावती देवी, बलवा देवी, सचींद्र कुमार, अर्जुन यादव, सरयू दास, प्रसादी यादव, सुधीर गिरि, परमेश्वर यादव ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सौदागर सिंह ने की। मौके पर ब्रह्मदेव राणा, बहादुर भारती किशोर कुमार चौधरी, सरयू दास, विक्की रजक, प्रदीप रजक, रंजीत भारती, रामजतन गिरी सहित सैकड़ों महिला-पुरुष मौजूद थे। घेराव कार्यक्रम के दौरान सभा स्थल पर सात सूत्री मांगों का स्मार पत्र अधीक्षण अभियंता को सौंपा गया। घेराव कार्यक्रम के दौरान दंडाधिकारी के रूप में बीडीओ प्रभाष कुमार दत्ता के अलावा सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद थे। घेराव कार्यक्रम के पश्चात एक प्रतिनिधि मंडल अधीक्षण अभियंता सुनिल कुमार से वार्ता किया। मौके पर अधीक्षण अभियंता ने यथाशीघ्र समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया।