महासभा ने सम्मेलन की सफलता पर की चर्चा
जयनगर | प्रखंडमुख्यालय परिसर में रविदास महासभा की बैठक मंगलवार को हुई। बैठक में आगामी 12 अक्टूबर को ब्लॉक मैदान परिसर में आहूत रविदास महासभा का तृतीय जिला महासम्मेलन को सफल बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। मौके पर मुख्य रूप से मौजूद जिलाध्यक्ष महेंद्र दास ने कहा कि हमारे पूर्वजों के संघर्ष के बदौलत दबे-कुचले गरीब के उत्थान के लिए देश के संविधान में आरक्षण दिया गया है, परन्तु आज धीरे-धीरे इसे साजिश के तहत समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा दलित समुदाय के एकजुटता के अभाव में हमारी संख्या अधिक होने के बावजूद सत्ता शासन करने वाले इनके विकास में ध्यान नहीं देते है। प्रखंड अध्यक्ष सह उप मुखिया बाजो दास ने कहा कि हमारा समाज अशिक्षा, अंधविश्वास, डायन, बाल विवाह जैसे अन्य सामाजिक कुरीतियों से घिरा हुआ है, जिसे दूर करने के लिए युवा वर्ग के लोगों को आगे बढ़ना होगा और समाज को शिक्षित करना होगा। कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि तुलसी दास, धीरज दास, संरक्षक रामा दास आदि ने भी संबोधित किया। बैठक में महासम्मेलन को सफल बनाने को लेकर गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड बाजो दास संचालन देवनारायण दास ने किया। मौके पर राजेंद्र दास, सहदेव दास, भरत दास, दुलारचंद दास, राजकुमार दास, लखन दास, राजू दास समेत कई लोग मौजूद थे।