योगियाटिल्हा बदडीहा में हाथियों ने तोड़े कई घर
प्रखंडके योगियाटिल्हा बदडीहा में इन दिनों ग्रामीण जंगली हाथियों के आंतक से परेशान है। ग्रामीण हाथियों के भय से पूरी रात जाग कर बिताने को विवश हैं। लेकिन हाथी गांव से भाग नहीं रहे हैं। बुधवार को एक बार फिर जंगली हाथियों के झुंड ने याेगियाटिल्हा गांव में घुस कर पूरी रात उत्पात मचाया। ग्रामीणों ने बताया कि रात लगभग 11 बजे एक हाथी गांव में घुसा और योगियाटिल्हा निवासी बैजनाथ यादव घर का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसने का प्रयास किया। परंतु दरवाजे की चौड़ाई कम होने के कारण हाथी घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सका।
इस बीच बैजनाथ यादव के परिवार के लोग छत पर चढ़ कर शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जुटकर पटाखा और आग जलाकर हाथी को भगाया। हाथी ने जाते समय सतडीहा निवासी डीलो महतो की दुकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। साथ ही उमा शंकर यादव के ईंट भट्ठा कलीम खान बदडीहा के लगभग दो एकड़ लगाए गए गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट कर दिया।
ग्रामीण शिबू पासवान, मुकेश पासवान, विनोद दास ने बताया कि योगियाटिल्हा के पांच सौ मीटर की दूरी जंगल में हाथी रह रहा है ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह जंगल से हाथी को भगाने का प्रयास किया परंतु ग्रामीणों को देखते ही हाथी ग्रामीणों पर दौड़ पड़ा। वहीं सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी हाथी को भगाने का प्रयास किया, लेकिन हाथी को भगाने में असफल रहे। गांव में हाथियों के आने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
तोड़ा गया घर और जंगल में विचरण करता हाथी।