बिहार के सीएम आज लोदना बाघमारा में
झरियाविधानसभा क्षेत्र में बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में बिहार के सीएम जीतन राम मांझी पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय लोदना मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे। वहीं गुरुवार को अभिनेता सह पूर्व सांसद राज बब्बर एवं एआईसीसी के प्रवक्ता डाॅ शकीला अहमद डिगवाडीह सर्कस मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उक्त आशय की जानकारी कांग्रेस प्रत्याशी के मीडिया प्रभारी पं नवल किशोर शर्मा ने दी। वहीं जीतनराम मांझी सहित कई दिग्गज बुधवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह कांग्रेस, राजद जदयू के संयुक्त प्रत्याशी जलेश्वर महतो के पक्ष में बुधवार को बाघमारा में हुंकार भरेंगे। माटीगढ़ा सचिवालय मैदान में आयोजित चुनावी सभा में सीएम मांझी समेत बिहार के मंत्री श्याम रजक, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह कांग्रेस के वरीय नेता सुबोधकांत सहाय शिरकत करेंगे। यह लोग जलेश्वर महतो के पक्ष में वोट मांगेंगे। कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। पार्टी समर्थकों ने सभा काे लेकर जनसंपर्क अभियान चलाया है।