पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सर्द हवाएं भी नहीं रोक पाईं वोटरों को

सर्द हवाएं भी नहीं रोक पाईं वोटरों को

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
झरिया। सर्द हवा भी मतदाताओं के उत्साह को ठंडा नहीं कर पाई। सुबह से ही झरिया विधानसभा क्षेत्र के अधिकतर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। महिला, पुरुष, युवाओं और वृद्धों ने बारी-बारी से अपने मत का प्रयोग किया। इनमें एक 95 साल की महिला ने भी शामिल थी। मतदान खत्म होने तक 52 प्रतिशत लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे। तकरीबन सभी केंद्रों पर शांति पूर्ण तरीके से मतदान हुआ। हालांकि ऊपरकुल्ही के बूथ नंबर 78 और 79 तथा लोदना पंचायत भवन केंद्र में कांग्रेस तथा मासस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प हुई। किसी और जगह से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

हॉटसीट बना था झरिया : झरियासीट जिले की हॉट सीट बनी हुई थी। दो पार्टियों के समर्थकों के रुख को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई गई थीं। खुफिया तंत्र ने भी सरकार को कई तरह की रिपोर्ट भेजी थी। इसको लेकर पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। हालांकि मतदाताओं ने शांति के साथ वोटिंग कर तमाम आशंकाओं को निर्मूल साबित कर दिया। वहीं बूथों पर सुबह से ही वोटरों की लंबी कतार लगी थी।

वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने से नाराजगी: बरारी मोड़ के पास बूथ संख्या 257 और 253 में कई लोगों ने वोटर लिस्ट से नाम हटा देने की शिकायत की। वे काफी नाराज दिखे, खासकर महिलाएं। संगीता सिंह, नम्रता देवी, मीना देवी, रीता देवी आदि ने कहा कि पिछली बार वोटर लिस्ट में उनके नाम थे, लेकिन इस बार नहीं हैं।



दो बार स्थिति हुई तनावपूर्ण : झरिया विधानसभा क्षेत्र के नूनूडीह स्थित बूथ संख्या 303, 304, 306, 307 में मतदान शुरू होने के दो घंटे बाद मासस और भाजपा समर्थकों के बीच तनातनी की स्थिति पैदा हो गई। सुरक्षा बलों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। एक घंटे के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। लेकिन मतदान में कोई परेशानी नहीं हुई। सुरक्षा बलों की सख्ती से दोनों पार्टियों के समर्थक मतदान केंद्र से हट गए।

95 वर्षीया वोटर को किया गया सम्मानित : झरियाके 38 आदर्श बूथों पर मतदाताओं को प्रोत्साहित किया गया। आईएसएल झरिया में मतदाताओं का स्वागत गुलाब फूल से किया जा रहा था। वहां सबसे अधिक उम्र वाली महिला मतदाता बानी मुखर्जी (95) को सम्मानित किया गया। किड्स गार्डेन स्कूल, बालिका विद्या मंदिर आदि में बने बूथों में भी मतदाताओं का फूल के साथ स्वागत किया गया। कई बूथों पर चाय की भी व्यवस्था की गई थी।