- Hindi News
- बैठक से अनुपस्थित अफसरों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
बैठक से अनुपस्थित अफसरों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
> प्रखंड सभागार में पंचायत समिति की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर की चर्चा
भास्करन्यूज|करमाटांड़
प्रखंडसभागार में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक हुई। अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख श्रीपति सोरेन ने किया। बैठक में सदस्यों ने पंचायत क्षेत्र की योजनाओं की समीक्षा की जबकि नए योजनाओं की सूची उपलब्ध सदस्यों को उपलब्ध कराया गया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा एवं प्रमुख ने अनुपस्थित रहने वाले शिक्षा विभाग के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, पशुपालन विभाग के चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित विभिन्न विभाग के पदाधिकरियों से स्पष्टीकरण की मांग किए जाने की बात कही। मौके पर उपस्थित पंचायत समिति सदस्यों ने 13वें वित्तीय, ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला परिषद द्वारा प्राप्त मदों के खर्च करने के तौर तरीके एवं नियमावली की जानकारी ली। साथ ही अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए शीघ्र निदान की बात कही। सड़क, पेयजल हेतु नए चापाकल लगाने एवं खराब पड़े चपाकलों की मरम्मत, कई वर्षों से अपूर्ण विद्यालय भवन को पूर्ण कराने आदि समस्या को बैठक में रखा। आधे से अधिक विभाग के पदाधिकारी के बैठक में उपस्थित नहीं होने के कारण कई मामले लंबित रह गए।
बैठक में 18 में से 9 पंचायत समिति सदस्य पहुंचे। इस पर आपत्ति जताते हुए पंचायती राज पदाधिकारी राजीव कुमार गिरी ने कहा कि आगामी बैठक से सभी पंचायत समिति सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य है। मौके पर उप प्रमुख सकिला बीबी, लक्ष्मी देवी, विनोद बेसरा, गिरधारी मंडल, डॉ इकबाल अंसारी, मनुलाल हेम्ब्रम, बसोति मंझीयान, रासमुनी सोरेन, सनोति मुर्मू आदि उपस्थित थे।