सेल चालू कराने के लिए निकाला जुलूस
वाशरीके रिजेक्ट कोयला सेल को चालू करने की मांग को लेकर ग्रामीण विकास समिति, विस्थापित महिला मोर्चा और श्री शक्ति युवा संघर्ष समिति ने संयुक्त रूप से जुलूस प्रदर्शन कर प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। जुलूस में शामिल ग्रामीण महिला एवं पुरूषों ने प्रबंधन एवं सेल संचालन कमेटी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीसीपी से मुख्य चौक होते हुए महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंच कर सभा की। सभा की अध्यक्षता कर रहे ग्रामीण विकास समिति के अध्यक्ष नागेश्वर करमाली एवं विस्थापित महिला मोर्चा अध्यक्ष कांति सिंह ने कहा कि रिजेक्ट कोयले के रोड सेल को चालू कराने में ग्रामीण, विस्थापित, बेरोजगारों आदि लोगों का अथक संघर्ष रहा है। लेकिन 1 फरवरी से रिजेक्ट स्टाॅक 19 डी से कोयला उठाव के लिए आॅफर आने के बावजूद भी कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। दोनों नेताओं ने कहा कि प्रबंधन और सेल संचालन कमेटी के लोग क्षेत्र के ग्रामीण, विस्थापितों, स्थानीय बेरोजगारों, महिलाओं के हक को छीनना चाहते हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही रिजेक्ट सेल चालू नहीं किया गया तो 16 फरवरी से कथारा वाशरी से संचालित होने वाले सभी प्रकार के रोड सेल के कार्य को अनिश्चितकाल के लिए ठप कर दिया जाएगा। सभा को शक्ति युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष लाल यादव, अरुण कुमार सिंह, दिलीप कुमार मुर्मू, धनेश्वर मुर्मू, मो फजील अंसारी आदि लोगों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम हेंब्रम ने किया। इस अवसर पर वार्ड सदस्य श्रीमती देवी, आशा देवी, रोजी लुईस, शमशेर आलम आदि मौजूद थे।