- Hindi News
- मतदान केंद्रों पर चुनाव कर्मियों और जवानों ने संभाला मोर्चा
मतदान केंद्रों पर चुनाव कर्मियों और जवानों ने संभाला मोर्चा
{डिस्पैच सेंटर से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां
{18 आदर्श बूथों में मतदाताओं को दिया जाएगा गुलाब का फूल
भास्करन्यूज . कतरास/बाघमारा
बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को होने वाले चुनाव को लेकर बाघमारा कॉलेज स्थित डिस्पैच सेंटर से ईवीएम के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट, पोलिंग पार्टी तथा जवानों को बूथों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ऑब्जर्वर दिलीप रावल, डीआरडीए निदेशक कृष्ण किशोर, प्रशिक्षु डीएसपी अनूज उरांव, बीडीओ गिरिजानंद किस्कू, सीओ राजेंद्र प्रसाद सिंह, कतरास इंस्पेक्टर भगवान दास, बाघमारा थाना प्रभारी नेहना टोपनो सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी की मौजूदगी में इवीएम एवं अन्य सामग्रियों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह सात बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। बूथों पर अधिक से अधिक मतदान हो इसको लेकर प्रशासन काफी गंभीर है। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान में भाग लेने की अपील की।
14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 259746 मतदाता
बाघमाराविधानसभा क्षेत्र में कुल 14 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। यहां मतदाताओं की संख्या 259746 है। इनमें से पुरुष 1,43,518 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 1,15,928 है। अधिकारियों की मानें तो इस चुनाव में तकरीबन 8 हजार नए मतदाता पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। बाघमारा में कुल 314 बूथों में 18 आदर्श बूथ बनाए गए हैं। आदर्श बूथों में मतदान के दिन वेब कॉस्टिंग के साथ बीएलओ द्वारा मतदाताओं को गुलाब भेंट किया जाएगा। उग्रवाद प्रभावित 6 बूथ एवं अति संवेदनशील बूथों में पारा मिलीट्री फोर्स की तैनाती की गई है। वहीं डिस्पैच सेंटर में आए मतदान कर्मियों को पीने का पानी शौचालय के लिए इधर उधर भटकते देखा गया। मतदान कर्मियों के लिए डिस्पैच सेंटर में समूचित व्यवस्था नहीं की गई थी। जिसके कारण इनलोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
बाघमारा कॉलेज परिसर स्थित स्ट्रांग रुम से इवीएम ले जाते मतदान कर्मी।