लोकसभा चुनाव का प्रोत्साहन मानदेय, मतदाता दिवस की राशि 2011-12 का जनगनणा मानदेय की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश शिक्षा मित्र/पारा शिक्षक संघ आंगनबाड़ी सेविकाओं ने बस स्टैंड स्थित नगर निगम कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय अनशन किया।
कार्यक्रम में पार्षद विनोद गोस्वामी, हरि प्रसाद अग्रवाल, महेश पासवान समेत संघ के जिला सचिव शेख सिद्दीक ने शामिल होकर समर्थन किया। अनशन की जानकारी पाकर कतरास अंचल निगम कार्यालय के कार्यपालक पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद सिंह पहुंचे और अनशनकारियों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया।
इस दौरान संघ के प्रखंड अध्यक्ष चंदन मोदक ने कहा कि अगर मांगे पूरी नहीं की गई तो निगम कार्यालय में ताला बंदी की जाएगी। मौके पर दंडाधिकारी के रूप में परशुराम सिंह मौजूद थे। कार्यक्रम को अभिलाषा झा, राजू प्रमाणिक, शिवनाथ तिवारी, अजय साव, अनिता देवी, रीता देवी, विजेंद्र चौधरी, ललित नारायण, विश्वजीत शाह, अशोक सेन, चेतलाल महतो समेत कई लोगों ने संबोधित किया।