- Hindi News
- दो व्यवसायियों से लूटपाट एक को किया घायल
दो व्यवसायियों से लूटपाट एक को किया घायल
> छुरिया जंगल की घाटी में हुई घटना, 28 हजार रुपए की लूट
भास्करन्यूज | बोलबा
प्रखंडके छुरिया जंगल में बुधवार को अपराधियों ने हथियारों के बल पर दो व्यापारियों से 28 हजार रुपए लूट लिए। वहीं एक व्यापारी को पिस्तौल की बट से मारकर घायल कर दिया। लूट के शिकार व्यापारियों ने देर शाम थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। अपराधियों की संख्या चार बतायी जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलबा थाना क्षेत्र से सटे केरसई थाना क्षेत्र के रूसु और केरसई निवासी लाह व्यापारी खेदू साहू और महेश साहू छुरिया जंगल से होकर बोलबा थाना क्षेत्र स्थित तलमंगा बाजार जा रहे थे। मालसाड़ा और करईजोर के बीच स्थित छुरिया जंगल की घाटी में पहुंचते ही अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। अपराधियों ने खेदू साहू को पिस्तौल की बट से घायल करने के बाद उससे 18 हजार रुपए और महेश साहू से दस हजार रुपए लूट लिए। खेदू के चेहरे पर चोट आई है। घटना के बाद व्यवसासियों में दहशत है। बाजार जा रहे व्यापारी वापस लौट गए और बाजार नहीं लगा। व्यापारी लक्खू प्रसाद और दीपक कुमार साहू ने बताया कि किसी तरह अपराधियों के चंगुल से वे बचने में सफल रहे। घटना के बाद केरसई और बोलबा के थाना प्रभारी घटनास्थल पहुंचे।