- Hindi News
- संस्थागत प्रसव का अनुपात बढ़ाने में सहिया की भूमिका अहम : उपायुक्त
संस्थागत प्रसव का अनुपात बढ़ाने में सहिया की भूमिका अहम : उपायुक्त
बागीटांड़स्टेडियम में जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन उपायुक्त के.रवि कुमार ने किया। मौके पर उपायुक्त ने जिला में संस्थागत प्रसव की अनुपात बढ़ाने में सहिया की भूमिका को अहम बताया।
उन्होंने कहा कि सहिया के अच्छे कार्य से लोगों को लाभ मिला है। उपायुक्त ने कहा कि जिले में चिकित्सकों की कमी के बाद भी ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य सेवाओं का काफी हद तक बेहतर तरीके से संचालन किया जा रहा है। उन्होंने मौके पर जिले में प्रसव के दौरान शिशु मातृत्व मृत्यु दर को कम करने के लिए सहियाओं से सार्थक प्रयास करने की बात कही। डीसी ने कहा कि सहियाओं के प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान के लिए विभाग के सीएस को निर्देश दिए गए है। उन्होंने सहियाओं को और अधिक सेवा भावना से काम करने की बात कही। मौके पर सीएस डा. एसएन तिवारी ने कहा कि सहिया के बिना ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर तरीके से संचालन नहीं किया जा सकता।
सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में सहिया शामिल हुईं। इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सम्मेलन में पांच-पांच उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण समिति को नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। इसमें कोडरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन थाम एवं महथाडीह, सतगांवा सीएचसी के मरचोई, मरकच्चो सीएचसी के अरकोसा तथा जयनगर सीएचसी के चेहाल समिति शामिल है। वहीं संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, बंध्याकरण, नसबंदी और नवजात शिशुओं की देखभाल करने के लिए 10 सहिया रंजू देवी, रूबी देवी, कंचन कुमारी, चंद्रवती देवी, सरिता देवी, अणु देवी, किरण देवी, माधुरी देवी को भी पुरस्कृत किया गया।
विशुनपुर की सहिया धनवा देवी को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया। सम्मेलन में ज्ञान-विज्ञान समिति के मंटू कुमार ने कई जादू के खेल दिखाए। मौके पर कला जत्था के दीपक कुमार, पिंकी देवी, नेहा देवी, कंचन देवी, संगीता देवी, कला देवी, सीता देवी आदि शामिल थे। सम्मेलन की अध्यक्षता एसएन तिवारी तथा संचालन असीम सरकार ने किया।