- Hindi News
- आदर्श ग्राम पंचायत चोपनाडीह में तीन नई सड़कों के निर्माण का खाका तैयार
आदर्श ग्राम पंचायत चोपनाडीह में तीन नई सड़कों के निर्माण का खाका तैयार
कोडरमा | मरकच्चोप्रखंड अंतर्गत सांसद आदर्श ग्राम पंचायत चोपनाडीह में सड़क निर्माण के लिए उपायुक्त के. रवि कुमार की ओर से ग्रामीण कार्य विभाग को प्राक्कलन तैयार करने के दिए गए आदेश के एवज में विभाग ने प्राक्कलन तैयार कर लिया है। साथ ही नई सड़क के निर्माण मरम्मत के लिए तैयार प्राक्कलन की स्वीकृति के लिए उपायुक्त स्तर से विभाग के प्रधान सचिव से अनुशंसा करने का आग्रह किया गया है।
उल्लेखनीय है कि उपायुक्त स्तर से ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को सांसद आदर्श ग्राम पंचायत चोपनाडीह के विभिन्न आठ ग्रामों के संपर्क पथों के निर्माण मरम्मत के लिए राज्य संपोषित योजना के तहत प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया था। इस पर विभाग की ओर से उक्त पथों का निर्माण मरम्मत का प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए उपायुक्त को समर्पित किया गया है। साथ ही इसकी अनुशंसा के लिए उपायुक्त से आग्रह की गई है। पंचायत चोपनाडीह में जिन सड़कों के निर्माण मरम्मत का प्राक्कलन तैयार किया गया है उसमें बांसडीह से सोनेडीह तक बनाई जाने वाली 2.8 किलोमीटर सड़क की प्राक्कलित राशि 134.807 लाख बताई गई है। इसके अलावा बिराजपुर मोड़ से कोंडराडीह तक 96.49 लाख की लागत से 2.8 किलोमीटर सड़क निर्माण सहित चोपनाडीह से दशारोकला तक 2.60 किलोमीटर की लंबाई वाले सड़क की प्राक्कलित राशि 157.731 लाख आंकी गई है। इसके अलावा विभाग की ओर से चोपनाडीह मोड़ से तेतरौन मोड़ तक पूर्व बनाई गई सड़क की मरम्मत के लिए 75.019 लाख की लागत की प्राक्कलन तैयार की गई है। इस सड़क की लंबाई 3.5 किलोमीटर बताई गई है।