- Hindi News
- रसोइया संघ की बैठक में मानदेय नहीं मिलने पर रोष
रसोइया संघ की बैठक में मानदेय नहीं मिलने पर रोष
मध्याह्नभोजन रसोइया संघ की रविवार को आयोजित बैठक में विगत 10 माह से मानदेय नहीं मिलने पर रोष व्यक्त किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा जिला मंत्री महादेव राम ने कहा कि राज्य केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण रसोइए मानदेय से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ भारत सरकार श्रम सम्मेलन आयोजित कर सहिया को मजदूर का दर्जा देती है, लेकिन इन्हें इनका हक नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने इसके खिलाफ संघर्ष तेज करने की जरूरत बताई। प्रकाश रजक ने कहा कि स्थानीय विधायक के समाज कल्याण मंत्री रहते हुए भी आंगनबाड़ी सेविकाओं को न्याय नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि रसोइया का बकाया मानदेय का भुगतान एक सप्ताह के भीतर नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इसके अलावा आगामी 11 जनवरी को सीएच स्कूल परिसर में स्कीम वर्कर्स यूनियन का जिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, मध्याह्न भोजन रसोईया तथा एनआरएचएम की सहिया भाग लेंगी।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि यूनियन की राष्ट्रीय अध्यक्ष उषा सहनी होंगी। सम्मेलन में रसोईयाें का मानदेय 5 हजार रुपए प्रतिमाह सहिया का 2 हजार रुपए करने सहित अन्य मांगों को उठाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता बसमतिया देवी ने की। बैठक में उमा देवी, रेणु देवी, यशोदा देवी, सरस्वती देवी, कलवा देवी, अनिता देवी, बसंती देवी, राधा रानी, रेखा रानी, उषा देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।