पेयजल स्वच्छता विभाग ने निकाली रैली
कोडरमा | राष्ट्रीयस्वच्छता अभियान 2014 का शुभारंभ गुरुवार को पूरे जिले में किया गया। यह अभियान 25 सितंबर से 23 अक्टूबर तक पूरे भारतवर्ष में चलाया जाएगा। इसके तहत जिला जल एवं स्वच्छता समिति सर्वशिक्षा अभियान के संयुक्त तत्वावधान में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परियोजना बालिका उच्च विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई। सफाई कार्यक्रम का नेतृत्व जिला शिक्षा अधीक्षक जितेंद्र कुमार पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता श्यामनारायण कुमार कर रहे थे। मौके पर स्वयं दोनों पदाधिकारियों ने विद्यालय के छात्राओं के साथ झाड़ू लगाकर विद्यार्थियों को सफाई के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने एक स्वच्छता रैली निकाली। रैली को द्वय पदाधिकारियों के अलावा जिला समन्वयक विकास कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से शहरवासियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध किया गया। मौके पर हिमांशु कुमार मिश्रा, विक्की राम सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, कर्मी शिक्षक के अलावा काफी संख्या में छात्राएं मौजूद थे।