रात तीन बजे तक जमा की गई ईवीएम
तीसरेचरण के तहत मंगलवार को हुए कोडरमा विधानसभा के चुनाव के बाद खनन संस्थान में बनाए गए वज्रगृह में ईवीएम जमा करने का कार्य देर रात तीन बजे तक चलता रहा। ईवीएम जमा करने के बाद प्रेक्षक की उपस्थिति में उस कमरे को सील किया गया। मौके पर सामान्य प्रेक्षक के अलावा जिले के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, एसडीओ सह आरओ लियाकत अली के अलावा भाजपा प्रत्याशी नीरा यादव, राजद के उम्मीदवार के प्रतिनिधि के रूप में सुरेश यादव सहित कुछ अन्य दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। भाजपा प्रत्याशी नीरा यादव ईवीएम जमा करने से लेकर सील की कार्रवाई पूरी होने तक वहां जमी रही।
सीआरपीएफके हवाले दी गई है वज्रगृह की सुरक्षा
खननसंस्थान में बनाए गए वज्रगृह की सुरक्षा की जिम्मेवारी सीआरपीएफ को सौंपी गई है। वज्रगृह की सुरक्षा में सीआरपीएफ के 22 बटालियन के एक प्लाटून को लगाया गया है। जिसके वरीय पदाधिकारी सब इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी जलेश्वर उरांव को सौंपी गई है। सुरक्षा में लगे जवान शिफ्ट में ड्यूटी दे रहे है। इसके अलावा वज्रगृह के चारों ओर घेराबंदी की गई है। भवन के चारों ओर जवानों की ओर मोर्चाबंदी की गई है। जिस कमरे में ईवीएम को रखा गया है उसके मुख्य द्वार के अलावा अन्य जगहों पर कुल चार सीसी टीवी कैमरा भी लगाए गए है। प्रशासन की ओर से वज्रगृह के पास चुनाव में खड़े उम्मीदवारों के प्रतिनिधि को रखने को लेकर प्रशासन की ओर से पास भी जारी किए जा रहे है। बताते चले कि कोडरमा विधान सभा सहित राज्य में सभी 81 विधानसभा सीटों पर मतगणना की तारीख 23 दिसंबर निर्धारित की गई है।