एफसीआई के कांट्रैक्टर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज
{ कोडरमा रैक प्वाइंट से पीईजी गोदाम हजारीबाग पहुंचने में लगे थे दो दिन
{ पांच ट्रकों से 439 क्विंटल चावल कम पाया गया
भास्करन्यूज | झुमरीतिलैया
कोडरमा रैंक प्वाइंट से पीईजी गोदाम हजारीबाग तक भारतीय खाद्य निगम के चावल के हथालन परिवहन कार्य में नियुक्त अभिकर्ता पर 439 क्विंटल चावल चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। इसे लेकर एफसीआई की धनबाद जिला कार्यालय ने तिलैया थाने में आवेदन देकर अभिकर्ता मेसर्स किशोर इंटर प्राइजेज के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
प्राथमिकी में कहा गया है कि मेसर्स किशोर इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर युगल किशोर नावाटोली डालटनगंज जिला पलामू को कार्यालय के अधीन कोडरमा से पीईजी गोदाम हजारीबाग तक परिवहन अभिकर्ता नियुक्त किया गया है। तीन दिसंबर 2015 को विलासपुर से चावल की एक रैक आई थी। जिसमें 25 बैंगन थे। किशोर इंटरप्राइजेज के अधिकृत प्रतिनिधि को रैक खाली करने की जिम्मेवारी दी गई थी। कोडरमा से पीईजी गोदाम हजारीबाग तक परिवहन किए गए कुल 75 ट्रकों में 439 क्विंटल तीन किलो 85 ग्राम चावल कम पाया गया। इस मामले में एफसीआई के चार सदस्यीय जांच टीम जिसमें जयदीप कच्छप अध्यक्ष उप महाप्रबंधक क्षेत्रिय कार्यालय रांची के अलावा एसबी होरो, सुधीर किस्पोट्टा दीपक तुलस्यान की जांच में भी चावल को कम पाया गया।
जांच के क्रम में जिन पांच ट्रकों का वजन कम पाया गया। वे सभी ट्रक का लोडिंग चार दिसंबर को हुआ था। सात दिसंबर को ट्रक हजारीबाग पहुंचा था। इस मामले में परिवहन अभिकर्ता के विरुद्ध चावल चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।