पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मैट्रिक के 19 इंटर के लिए पांच परीक्षा केंद्र बनाने का प्रस्ताव

मैट्रिक के 19 इंटर के लिए पांच परीक्षा केंद्र बनाने का प्रस्ताव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रजिस्ट्रेशन फार्म भरने का कार्य जारी

जिलेमें आगामी 16 फरवरी से शुरू होने वाली मैट्रिक की परीक्षा के लिए जिले में पिछले साल के अनुरूप ही परीक्षा केंद्र बनाए जाने से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर झारखंड अधिविद परिषद को भेजा गया है। जबकि इंटर के परीक्षा के लिए पिछले साल बनाए गए कुल चार परीक्षा केंद्र को बढ़ाकर पांच केंद्र बनाने का प्रस्ताव है।

इसका निर्णय पिछले दिनों उपायुक्त के. रवि कुमार की अध्यक्षता में केंद्र निर्धारण को लेकर हुई बैठक में लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल मैट्रिक की परीक्षा में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें सतगांवा में तीन, मरकच्चो में दो, डोमचांच में 2, जयनगर में एक, चंदवारा में एक के अलावा कोडरमा झुमरीतिलैया में कुल 11 केंद्र बनाए गए थे।

इस बार इंटर की परीक्षा में पूर्व की अपेक्षा एक अन्य परीक्षा केंद्र बनाने का प्रस्ताव इस बार लगभग 1050 छात्र-छात्राओं की संख्या ज्यादा होने को लेकर तैयार की गई है। सभी केंद्र जिला मुख्यालय में ही बनाए जाने का प्रस्ताव है। परीक्षा के आयोजन को लेकर चल रही तैयारी के संबंध में पूछे जाने पर डीईओ सुशील कुमार ने बताया कि इस बार की परीक्षा को लेकर मैट्रिक में 10,599 एवं इंटर में 6388 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

इस परीक्षा में पिछले साल की परीक्षा में असफल रहे छात्रों के भी भाग लेने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसे ध्यान में रखकर परीक्षा में लगभग 30 प्रतिशत अधिक परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

मैट्रिक की परीक्षा में शामिल होने को लेकर सभी स्कूलों में फार्म भरने का कार्य किया जा रहा है। इस बार की परीक्षा में शामिल होने को लेकर अधिविद परिषद की ओर से प्रति छात्र 490 रुपए परीक्षा शुल्क लिया जा रहा है। वहीं छात्राओं को परीक्षा शुल्क में रियायत दी गई है। 12 दिसंबर तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फार्म जमा किए जाएंगे।