- Hindi News
- जमीन के फर्जी कागजात की जांच कराने आए तीन युवक धराए
जमीन के फर्जी कागजात की जांच कराने आए तीन युवक धराए
डोमचांच अंचल में हाल के दिनों में पदाधिकारियों कर्मियों की सांठगांठ से सरकारी जमीन बेचे जाने के कई मामले सामने आए हैं। इसी प्रकार से जमीन की खरीद बिक्री के प्रयास का एक और मामला शुक्रवार को सामने आया है। इस पर अंचल के सीओ ने थाने में सनहा दर्ज कराया है। सनहा को लेकर पुलिस ने रामगढ़ के तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस संबंध में सीओ संदीप कुमार मधेशिया ने बताया कि शुक्रवार को रामगढ़ के भुरकुंडा निवासी तीनों युवक अंचल अंतर्गत ढोढाकोला पंचायत स्थित नलवा मौजा के 1848 एकड़ जमीन का एलपीसी लेकर इसकी जांच के लिए उनके कार्यालय आए थे।
जांच के दौरान जारी एलपीसी को फर्जी पाया गया। जारी की गई एलपीसी डोमचांच अंचल से नहीं की गई है। इस बात का भी पता चला कि उक्त जमीन को लेकर अमीन की ओर से दी गई रिपोर्ट पर अंचल से संबंधित 2008 का मुहर लगा हुआ है। जबकि डोमचांच अंचल का गठन 2010 में हुआ है। सीओ ने बताया कि तीनों युवक जिंदल कंपनी के लिए जमीन को खरीदे जाने को लेकर इसकी जांच पड़ताल के लिए यहां आने की बात बताई है। इधर इस मामले में थाना प्रभारी एस.के पोद्दार ने बताया कि तीनों युवकों से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके पास उपलब्ध कागजात की जांच भी कराई जा रही है। उसने बताया कि पूछताछ के दौरान युवकों के पास से बरामद की गई एलपीसी पर मौजा निवासी लाल बख्त खान का नाम अंकित है। युवकों ने कागजात कोडरमा के एक व्यक्ति द्वारा देने की बात कही है। तीनों युवक खुद को इंजीनियरिंग के छात्र बता रहे हैं। पकड़े गए गए युवकों में राजन कुमार, प्रभाकर ठाकुर, श्यामसुंदर शाह शामिल हैं।
जांच के दौरान अंचलाधिकारी ने जारी एलपीसी को पाया फर्जी
डोमचांच के नलवा मौजा का मामला