- Hindi News
- बिजली सुधार में राज्य के ऊर्जामंत्री गंभीर नहीं : सांसद
बिजली सुधार में राज्य के ऊर्जामंत्री गंभीर नहीं : सांसद
लोकसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार सांसद सुनील सिंह सिमरिया पहुंचे। यहां उन्होंने सुभाष चौक पर नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण की। इसके बाद ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्या से रू-ब-रू हुए। स्थानीय डाकबंगला परिसर में उन्होंने ग्रामीणों को कहा कि जिले की सबसे बड़ी समस्या बिजली की है। इसे दुरुस्त करवाने की पहल शुरू कर दी गई है। अब तक तीन बार सीएमडी और चेयरमैन से मिलकर चतरा की बिजली दुरूस्त करने का दिशा निर्देश दिया गया। उम्मीद है 25 सितंबर के बाद इसमें बहुत हद तक सफलता मिलेगी। राज्य सरकार और ऊर्जा मंत्री इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में विद्युतीकरण करने के लिए वन विभाग भुवनेश्वर से अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत करता था। पर अब इसका कार्यालय रांची में खुल गया है। जल्द ही विद्युतीकरण के आधे-अधूरे कार्य पुन: शुरू कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पत्थलगडा, सिमरिया, नावाडीह, गिद्धौर के विद्युत पावर सब स्टेशन को मेन लाईन से जोड़ा जाएगा। ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक राज्य में कोई नया विद्युत प्लांट नहीं लगाया गया है। जबकि सिकिदिरी, कोडरमा, चंदवा आदि अन्य परियोजनाएं निर्माण होकर शुरू होने वाली है। उन्होंने कहा कि टंडवा का एनटीपीसी पावर प्लांट राज्य सरकार के उदासीन रवैये के कारण 14 वर्षों तक यूं ही पड़ा था। पर केंद्र में भाजपा की सरकार आने पर यह योजना का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि जिस सरकार की मंत्री की सांठगांठ उग्रवादियों से है और उसके दो अन्य मंत्री रकीबुल शाहदेव तारा प्रकरण में फंसे हैं वह अपनी सरकार बचाने में लगा है। विकास कार्य क्या चला पाएगा। उसे जनता की नहीं बल्कि मंत्रियों की चिंता है। सांसद ने कहा कि 26 सितंबर के बाद मैं क्षेत्र का सघन दौरा करुंगा। मौके पर भाजपा नेता नरेश सिंह, जिलाध्यक्ष विनय सिंह, बिरजू तिवारी, उज्जवल दास, सुजीत भारती, अजय कुमार सिंह, उमाशंकर सिंह, अंबिका सिंह, मृत्युंजय सिंह, लखन साव, मुकेश सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।
सिमरिया प्रखंड का भ्रमण करते सांसद सुनील सिंह अन्य।