चेकडैम में डूबने से अधेड़ की मौत
प्रखंडके डुमरडीहा पंचायत अंतर्गत खरखरो गांव निवासी बुलाकी भोक्ता (55) की मौत हरहरो नदी पर बने चेकडैम में डूबने से हो गई। मिली जानकारी अनुसार भोक्ता सोमवार को मवेशी चराने गया था, इसी बीच मवेशी चेकडैम में पानी पीने चला गया। मवेशी को निकालने के लिए भोक्ता ने पानी में उतरकर मवेशी को निकालने का प्रयास किया, मवेशी किसी तरह निकलने में सफल रहा, लेकिन भोक्ता चेकडैम में ही डूब गया। जिसके कारण उनकी मौत हो गई। घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की। इसी दौरान उन्हें चेकडैम के किनारे कपड़ा जूता नजर आया। काफी खोजने के बाद भी संध्या होने के कारण शव को निकाला नहीं जा सका। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों के सहयोग से भोक्ता का शव निकला गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बीडीओ प्रभात दत्ता, अंचलाधिकारी अतुल कुमार थाना प्रभारी शिवनाथ प्रसाद ने मृतक के परिजनों को तत्काल पारिवारिक लाभ योजना के तहत दस हजार की सहायता राशि दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।