बैंक में रुपए जमा करने गए युवक से दस हजार की ठगी
तिलैयाथानान्तर्गत बैंक ऑफ इंडिया में पैसा जमा करने आए एक युवक को झांसा देकर दो युवकों ने दस हजार रुपए की ठगी कर ली और फरार हो गए। घटना गुरुवार की सुबह 11 बजे की है।
इस संबध में गुमाे निवासी आदित्य कुमार शर्मा ने थाने में आवेदन देकर ठगी का मामला दर्ज कराया दिए गए आवेदन में पीड़ित ने बताया कि वह बैंक ऑफ इंडिया में 10 हजार रुपए जमा करने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी क्रम में लाइन में खड़े एक युवक ने फार्म भरने के लिए कहा। फॉर्म भरने के क्रम में जब एकाउंट नंबर पूछा ताे उसने बताया कि हमारा एकाउंट नंबर नहीं है।
इस पर उसने कहा कि पैसा जमा नहीं होगा। तो युवक ने कहा कि उसके पास 1.5 लाख रुपए है जो किसी तरह जमा कर दीजिए। क्योंकि यह पैसा मैंने मालिक का चुरा कर लाया हूं इसपर लाइन में खड़े एक दूसरे युवक ने पीड़ित से बोला कि इसकाे बरगला कर इसका पैसा हमलोग ले लेंगे उसके बाद वह व्यक्ति उसको समझाने लगा की तुम्हारा पैसा जमा कर देंगे तुम अपना नाम पता लिखवा दो। फिर हम सब तीनों नीचे उतर कर अग्रसेन भवन के निकट पहुंचकर नाम पता लिखने लगे और रुमाल में रखे नोट के आकार का कागज का बंडल उसको दे दिया। बाद में उसने कहा कि उसको घर जाने के लिए कुछ पैसा चाहिए।
इसके बाद पीड़ित ने अपना दस हजार रुपए उसे दे दिया। थोडी़ देर के बाद दोनों युवक पीड़ित को छोड़ मौके से गायब हो गए। जब पीड़ित वापस बैंक पहुंचकर रुमाल खोला तो उसको ठगे जाने का एहसास हुआ और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इस मामले में थाना प्रभारी राजवल्लभ पासवान ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। बैंक के सीसीटीवी में युवकों की तस्वीर दर्ज है। जिसे खंगाला जा रहा है।