परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त बेंच डेस्क उपलब्ध कराएं स्कूल
16फरवरी से जिले में शुरू हो रहे मैट्रिक इंटर की परीक्षा को कदाचार मुक्त शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर तैयारियों की समीक्षा को लेकर बुधवार को उपायुक्त संजीव बेसरा की अध्यक्षता में सभी केंद्राधीक्षकों की बैठक हुई।
मौके पर उपायुक्त बेसरा की ओर से सभी परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षकों को कदाचार मुक्त तरीके से परीक्षा के संचालन को लेकर जारी किए गए निर्देशों का पूरी तरह से पालन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही इस मामले में कोताही बरते जाने की शिकायत पर कार्रवाई की भी बात कही गई। बैठक के दौरान उपायुक्त की ओर से सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने के अलावा बेंच -डेस्क की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा उनकी ओर से मौके पर पुलिस प्रशासन से सभी केंद्रों पर पुलिस फोर्स की व्यवस्था करने के अलावा परीक्षा केंद्र के आसपास सड़क के किनारे अनावश्यक भीड़ की स्थिति पैदा नहीं होने देने की बात कही गई।
इसके अलावा मौके पर केंद्रों के निरीक्षण को लेकर प्रतिनियुक्त किए गए दंडाधिकारियों के अलावा औचक निरीक्षण को लेकर बनाए गए फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम के गठन के अलावा अन्य पहलुओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में डीईओ पीपी झा के अलावा कई स्कूलों के प्रधानाध्यापक मौजूद थे। उल्लेखनीय रहे कि जिले में परीक्षा के संचालन को लेकर मैट्रिक के 18 इंटर के पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए है।