बीओआई ने 50 बिरहोरों का खाता खोला
कोडरमा | बैंकऑफ इंडिया और बीडीओ नारायण राम की पहल पर डोमचांच प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव जियोरायडीह के 50 जनजातीय बिरहोर परिवारों का बैंक खाता खोला गया। इससे जनजाति परिवारों में खुशी है। उल्लेखनीय है कि इन परिवारों का कोई बैंक खाता नहीं था। गांव के पारंपरिक प्रधान बिरसा बिरहोर और सुरेश बिरहोर ने कहा कि बिना गारंटर के खाता खोले जाने पर काफी खुशी भी है। स्वयं सेवी संस्था संग्राम के कार्यकर्ता आशीष कुमार ने बीडीओ और उपायुक्त को पत्र लिखकर बिरहोर जनजाति परिवारों का खाता खोलने की मांग की थी। मानवाधिकार कार्यकर्ता ओंकार विश्वकर्मा ने कहा कि बिरहोरों को खेती से जोड़ने, महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देने और बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देकर समाज के मुख्य धारा में जोड़ने की पहल शीघ्र की जाएगी। मौके पर बैंक ऑफ इंडिया के रामकृष्ण मेहता, समाजसेवी वसंत मेहता आदि मौजूद थे।