एक वर्ष से खराब पड़ा है चापानल
मरकच्चो | प्रखंडके सुदूरवर्ती पंचायत डगरनवा में लालो तुरिया के घर के समीप लगे चापानल एक साल से मरम्मत के अभाव में बेकार पड़ा है। इसके कारण आसपास के ग्रामीणों के समक्ष पेयजल की समस्या उत्पन्न हा़े गई है। चापानल मरम्मत के लिए पंसस महावीर यादव ने एक वर्ष पूर्व कोडरमा जिला परिषद कार्यालय में आवेदन देकर मरम्मत कराने की गुहार लगाई थी। लेकिन, आवेदन के आलोक में कई माह बीत जाने के बाद भी उक्त चापानल का मरम्मत करना जरूरी नहीं समझा गया है। आलम यह है कि उक्त चापानल वहां के ग्रामीणों के प्यास बुझाने में सक्षम तो नहीं हो रहा है, लेकिन वहां के बच्चों द्वारा खिलौने के उपयोग में इस्तेमाल किया जा रहा है। एक बार फिर वहां के ग्रामीणों ने जिला प्रखंड प्रशासन से गर्मी के आगमन के पहले उक्त चापानल को मरम्मत कराने की मांग की है। मांग करने वालों में पंसस महावीर यादव, रामेश्वर मुर्मू, संजय पंडित, सुरेंद्र मेहता, महेश यादव सहित कई ग्रामीणों के नाम शामिल हैं।