शिक्षा का हब बनेगा जिला : नीरा यादव
भारतविकास परिषद की ओर से मंगलवार को जैन भवन में झुमरी तिलैया के विकास की अवधारणा को मूर्त रूप देने के लिए सभी सामाजिक संगठनों की एक विचार गोष्ठी(मंथन) का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन विधायक डाॅ. नीरा यादव ने किया। गोष्ठी में पहुंचे विभिन्न सामाजिक संगठन के लोगाें ने बिजली की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि शहरी फीडर से सिर्फ शहरों को विद्युत आपूर्ति की जाए तथा नियमित पानी भी आपूर्ति के लिए जेनरेटर स्टेबलाइजर की व्यवस्था विभाग करे। वहीं आम लोगों के लिए शहर में यूरीनल टॉयलेट की व्यस्था की जानी चाहिए। शहर में सड़क निर्माण में पीसीसी रोड ही बने, जेजे कॉलेज में पाजी की पढ़ाई शुरू कराई जाए। साथ ही पार्क स्टेडियम भी बने। जिसपर बतौर मुख्य वक्ता विधायक डाॅ. नीरा यादव ने आश्वासन देते हुए कहा कि शहर में नियमित पानी बिजली लोगों को मिलेगी। करमा को मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए सरकार के पास प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही कोडरमा को शिक्षा का हब बनाया जाएगा। गोष्ठी को विवेकानंद युवा मंडल के सुकांत मजुमदार, विजय सिंह, जैन महिला संगठन की सचिव आशा गंगवाल, विमल जैन, माहुरी समाज के ओमप्रकाश बरहपुरिया, गल्ला व्यवसायी संतशरण, ओमप्रकाश सोमानी, गौशाला समिति के अध्यक्ष सुरेश जैन, प्रो. वीरेंद्र सिंह, संजय अग्रवाल आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष दीनदयाल केडिया ने की, जबकि संचालन रामरतन महर्षि ने किया। आभार प्रकट अजय प्रताप सिंह ने किया।