आज से पूर्ववत चलेंगी रांची-सिमडेगा की बसें
चालक की पिटाई मामले में नहीं चलीं यात्री बसें, परेशानी
भास्करन्यूज| सिमडेगा
कोलेबिरा के निकट एक नन स्टॉप यात्री बस के चालक से मारपीट करने के विरोध में सिमडेगा-रांची रूट के बस संचालकों ने इस रूट पर वाहनों का परिचालन ठप कर दिया है। शनिवार को वाहनों के परिचालन नहीं होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार को बस कर्मियों ने बस स्टैंड में बैठक कर कहा कि प्रशासन बस कर्मियों को सुरक्षा प्रदान करे। बताया गया कि नन स्टॉप बसों में कोलबिरा, बसिया आदि जगहों में रोककर सवारियों को उतारने चढ़ाने की मनाही स्थानीय बस एजेंटों के द्वारा की गई है। लेकिन कई लोग सिमडेगा या रांची तक का पूरा किराया देकर बस में सवार हो जाते हैं और रास्ते में रोककर उतारने का दबाव बनाते हैं।
कर्मियों ने कहा कि अगर बस रोककर सवारियों को उतारा जाता है तो स्थानीय एजेंट और नहीं उतारने पर यात्रियों के द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। इसके चलते बसकर्मियों को दोनों तरफ से परेशानी झेलनी पड़ती है। आगे कहा गया कि शुक्रवार को ऐसे ही एक मामले में कोलेबिरा के निकट सानिया बस के चालक सामटोली निवासी जैकब की पिटाई कर दी गई। इससे बसकर्मी आक्रोशित हो गए।
इस मामले को लेकर बस स्टाफ और बस मालिकों के बीच रांची में हुई बैठक में ऐसे मामलों में प्रशासन के साथ बात करने तथा सुरक्षा प्रदान करने की व्यवस्था करने की बात कहे जाने के बाद रविवार से वाहनों का परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि फिलहाल अगली बैठक तक पूर्व की भांति सवारी ले जा सकेंगे शनिवार को सिमडेगा में बस कर्मियों की हुई बैठक में राजकुमार, प्रकाश पाणीग्रही, राजेश होता, बंटी, तस्लीम,पप्पू,भुसेंद्र साहू,जुबैर, इदरीस सहित कई बस कर्मी मौजूद थे।