- Hindi News
- जरूरत 30 की, मिल रही मात्र छह मेगावाट बिजली
जरूरत 30 की, मिल रही मात्र छह मेगावाट बिजली
जिले में बिजली की गंभीर समस्या है। 24 घंटे में महज छह-सात घंटे ही बिजली मिली रही है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। विद्युत फ्रेंचाइजी मुस्कान विकास संस्था ने कम बिजली मिलने के कारण अपने हाथ खड़े कर दिए है। टीम लीडर जेमी मिंज ने बताया जिले को 30 मेगावाट बिजली की जरूरत है, लेकिन उसे मात्र छह मेगावाट ही बिजली मिल रही है।
उन्होंने बताया कि एक माह से कामडारा पावर ग्रिड से कम बिजली मिलने के कारण जिले की आपूर्ति चरमरा गई है। उन्होंने बताया कि स्थिति की जानकारी कार्यपालक अभियंता एवं दोनों फ्रेंचाइजी प्रमुखों द्वारा भी उच्चाधिकारियों को दी गई है। मिंज ने कहा कि वर्तमान में ग्रिड से सिमडेगा तक आने वाली एक विद्युत लाइन भी खराब है, जिस कारण ब्रेकडाउन होने पर बिजली बाधित रहती है।
मालूम हो कि जिले के कुरडेग बोलबा में विद्युत सबस्टेशन चालू हो जाने के बाद यहां अतिरिक्त पावर की जरूरत बढ़ी थी। लेकिन इसका उल्टा हुआ। पूर्व में मिल रही 14 मेगावाट बिजली के स्थान पर पांच से सात मेगावाट बिजली मिलने से शहर में भी आपूर्ति गड़बड़ा गई।
इधर संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता महादेव मुर्मू ने कहा कि ग्रिड में अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाने के बारे विभाग को लिखा गया है। इधर महाप्रबंधक ने भी कामडारा ग्रिड का पावर ट्रांसफार्मर बदलने की दिशा में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।