- Hindi News
- जागरूक हो जनता, बदल जाएगी कार्यशैली : उपायुक्त
जागरूक हो जनता, बदल जाएगी कार्यशैली : उपायुक्त
जिलेके ग्रामीण क्षेत्रों में कई कारणों से जड़ता का माहौल बन गया है। जड़ता को दूर कर गति देना ही जनता दरबार का उद्देश्य है। यह बातें डीसी दीप्रवा लकड़ा ने कुरडेग के बड़कीबिउरा पंचायत में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में कही। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नशामुक्ति अभियान, पेयजल समस्या और सिंचाई सुविधाओं के संबंध में डीसी ने कहा कि ग्राम शिक्षा समितियाें, प्रबंधन समितियों, आंगनबाड़ी की माता समितियों आदि को सक्रियतापूर्वक कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नियम बनाकर और प्रतिदिन एक सदस्य द्वारा कार्य का अवलोकन किए जाने पर व्यवस्था में परिवर्तन हो जाएगा। यदि ग्रामीण जागरूक होकर निगरानी करें तो सरकारी विभागों की कार्यशैली बदल जाएगी। मौके पर महिलाओं ने पंचायत क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के संबंध में प्रशासनिक सहयोग की अपील की। मुखिया संघ कुरडेग के अध्यक्ष विजय बेक ने जिला प्रशासन का ध्यान 2011-12 की इंदिरा आवास योजना पर आकृष्ट किया। कहा गया कि प्रथम किस्त का भुगतान कर बाकी भुगतान रोक दिया गया है। डीसी ने ऐसे सभी लाभुकों को दस दिनों के अंदर दूसरी किस्त की राशि खाते में ट्रांसफर कर देने का आश्वासन दिया। लक्ष्मीनारायण दास, मुखिया अजीत आईंद ने गिरांग नाला डैम और लबडेरा डैम के जीर्णोंद्धार का मामला उठाया। इसपर डीसी ने लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता को स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया। विधायक प्रतिनिधि दीपक पुरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनाओं की जर्जर अवस्था का मामला उठाया। वहीं मुखिया आईंद ने करमडीह मध्य विद्यालय के बारे में बताया कि वहां सिर्फ एक शिक्षिका पदस्थापित हैं। उन्होंने यहां शिक्षकों के पदस्थापन का आग्रह किया। जनता दरबार में इंदिरा आवास, वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड, लाल कार्ड के कई आवेदनों के अलावा दाखिल खारिज संबंधी 11 आवेदन जमा किए गए। मौके पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 37 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर दवाएं दी गई। जनवितरण प्रणाली के तहत 125 लोगों को धोती-साड़ी और लुंगी दी गई। जिप सदस्य सीमा सीता एक्का ने डीसी, डीडीसी, डीएसपी और लीलुराम अग्रवाल को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। पदाधिकारियों को गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
जनता दरबार को संबोधित करते डीसी।