- Hindi News
- तीसरे दिन भी कार्यालय नहीं पहुंचे निर्वाचन पदाधिकारी
तीसरे दिन भी कार्यालय नहीं पहुंचे निर्वाचन पदाधिकारी
व्यापार मंडल के कार्यालय में लगा रहा ताला
चुनाव चिह्न मिलने की आस में खड़े रहे प्रत्याशी
भास्कर न्यूज. रामगढ़
व्यापार मंडल के सत्र 2014-17 के अध्यक्ष पद सहित तीन सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर नामांकन के बाद लगातार तीसरे दिन भी व्यापार मंडल के कार्यालय में ताला लटका रहा। चुनाव कार्य में प्रतिनियुक्ति मांडू के सहकारिता प्रखंड पदाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता एवं शैलेंद्र कुमार प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न वितरण के लिए शनिवार को भी कार्यालय नहीं पहुंचे। चुनाव चिन्ह आवंटन को लेकर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद के लिए खड़े प्रत्याशी सर्वेश कुमार सिंह, सुखदेव महतो, जगेश्वर महतो नागवंशी के अलावे कार्यकारिणी सदस्य पद में खड़े अमलेश सिंह, जगन्नाथ महतो, उमेश महतो, खीरू महतो, अकलू बेदिया और युगेश महतो कार्यालय के बाहर दिनभर खड़े रहे। लेकिन दोनों चुनाव पदाधिकारी ना ही कार्यालय पहुंचे और ना ही फोन उठाया। ज्ञात हो कि शुक्रवार को भी नामवापसी के लिए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जगेश्वर महतो नागवंशी सहित कई सदस्य कार्यालय में खड़े रहे। लेकिन निर्वाचन पदाधिकारी के नहीं पहुंचने के कारण वे अपना नाम वापस नहीं ले पाए।
दोनोंनिर्वाचन पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई : संयुक्त निबंधक
चुनावकी अधिसूचना जारी होने के बाद निर्धारित समय पर व्यापार मंडल का कार्यालय नहीं खुलने की बात काे हजारीबाग सहयोग समिति के संयुक्त निदेशक तथा जिला सहकारिता पदाधिकारी रविशंकर पांडेय ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने दूरभाष पर कहा कि चुनाव कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। दोनों अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई के तहत प्रपत्र गठित किया जाएगा।