रिवाल्वर दिखाकर बैटरी की लूट
मांडू | मांडूडीह स्थित प्रदीप लाइन होटल के पीछे लगे एयरटेल टावर परिसर से नकाबपोश अपराधियों ने रिवाल्वर का भय दिखाकर करीब ढाई लाख की लागत के 24 बैटरियां लूट ली। घटना सोमवार की रात्रि करीब ढाई बजे की है। घटना की जानकारी देते हुए रात्रि प्रहरी मुंशी भुइयां ने बताया कि टावर के निकट कमरे में वह सोया हुआ था। इस बीच करीब तीन से चार अपराधी टावर परिसर के अंदर प्रवेश कर बैटरी रूम को खोल रहे थे, तभी मेरी नींद टूट गई। घटना का विरोध करने पर अपराधियों ने मुझे रिवाल्वर की नोक पर ले लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में अपराधियों ने स्लेटर में रखे सभी 24 बैट्रियां को खोल लिया और टाटा मैजिक वाहन पर लोड कर भाग गए। मुंशी ने अपराधियों की संख्या करीब बारह बताई है। इनमें कुछ घटना के समय टावर परिसर के बाहर मौजूद थे। घटना के बाद मंगलवार को टॉवर के केयरटेकर मुकुल प्रसाद ने मांडू थाना में आवेदन दिया है।