वनांचल ग्रामीण बैंक ने सील की दुकान
मेदिनीनगर | वनांचलग्रामीण बैंक ने इंजीनियरिंग रोड स्थित मेसर्स टाइटन वाच को शनिवार को सील कर दिया। वनांचल ग्रामीण बैंक के हमीदगंज शाखा प्रबंधक दिलीप कुमार ने क्षेत्र पदाधिकारी अशोक कुमार वसूली के अधिकृत अभिकर्ता तोमर के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टाइटन वाच के प्रोपराइटर पहाड़ी मुहल्ला निवासी सदाब अहमद पर अद्यतन ब्याज कानूनी खर्च समेत 6 लाख का बकाया था। बैंककर्मी बार बार नोटिस तामिला करा रहे थे, किंतु कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने का निर्णय लिया। इसके बाद पुलिस के सहयोग से दुकान को सील कर दिया गया।
क्षेत्रीय प्रबंधक एसके सिंह ने बताया कि बैंक ने प्रोपराइटर के साथ सहानुभूति बरती, मगर एक सीमा के बाद बैंक कार्रवाई करने पर बाध्य हो गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण बैंक का करीब 5 करोड़ का बकाया लंबित है, जिसे वसूलने के लिए बैंक कार्रवाई करने के प्रति संकल्पित है। उन्होंने बताया कि जो भी बैंक के चूककर्ता के रूप में शामिल हैं वे अपने स्तर से बकाया राशि जमा कर दें, अन्यथा बैंक संबंधित चूककर्ता के प्रतिष्ठान को सील करने पर बाध्य होगा।
उन्होंने बताया कि कई चूककर्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। कई के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी निकल चुका है। एेसे चूककर्ता बकाया राशि जमा कर कार्रवाई से बच सकते हैं।