ठंड बढ़ी पर अलाव की व्यवस्था नहीं
मिहिजाम|ठंड शबाबपर है। ठंड के प्रारंभ होते ही इससे बचने के लिए प्रशासन द्वारा चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करने की परंपरा रही है। अलाव के जलने से गरीब गुरबों को ठंड से काफी राहत मिलती है। जिला प्रशासन इस समय विधानसभा चुनाव को सफलता पूर्वक संपन्न कराने में व्यस्त है। गरीबों के लिए उपलब्ध होने वाली इस महत्वपूर्ण व्यवस्था की ओर प्रशासन का ध्यान नहीं है। शहर के स्टेशन चौक पर ठंड से बचने के लिए रिक्शा चालकों, मोटिया मजदूरों, आदि खानाबदोशों को इधर उधर दुबकते देखा जा सकता है। ठंड से ठिठुर रहे लोगों के लिए अलाव की व्यवस्था नहीं होने से खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले लोगों का बुरा हाल है। दूसरी ओर नगर पंचायत क्षेत्र में कंबल बांटने की योजना भी खटाई में पड़ी हुई है। कंबल का बंडल नगर पंचायत कार्यालय में पड़ा हुआ है। चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के चलते लोगों को कई मामलों में राहत नहीं मिल रही है। दूसरी ओर सरकारी भवनों और इलाकों पर आदर्श आचार संहिता के चलते इस बार राजनीतिक दलों के बैनर पोस्टर भले ही नहीं लगे हो। लेकिन इन्हीं सरकारी भवनों के इर्द गिर्द अवस्थित निजी घरों और भवनों पर कई राजनीतिक दलों के पताके और झंडे और बैनर लहरा रहे हैं।