पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बिजली महकमे ने छापेमारी कर तीन पर दर्ज कराई प्राथमिकी

बिजली महकमे ने छापेमारी कर तीन पर दर्ज कराई प्राथमिकी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हूकिंगकर बिजली चोरी करने के मामले में विद्युत विभाग ने छापेमारी कर तीन लोगों के खिलाफ मिहिजाम थाने में मामला दर्ज कराया है। कनीय विद्युत अभियंता मिहिजाम कार्मेला सोरेन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दर्ज बयान में कहा गया है कि विद्युत बोर्ड के छापेमारी दिवस पर एक टीम का गठन किया गया। जिसमें सहायक विद्युत अभियंता मुरलीधर प्रसाद सिंह, लाइन मैन बच्चा प्रसाद द्विवेदी, निजी बिजली मिस्त्री मनोज कुमार दास शामिल थे। टीम ने कुशबेदिया सिंह टोला में प्रह्लाद सिंह के घर पर छापेमारी के दौरान पाया की हूकिंग कर खेत में सिंचाई की जा रही है। इससे विभाग को 5 हजार रुपये की क्षति हुई है। कुशबेदिया चित्तरंजन रोड इलाके में किशन देव के यहां छापेमारी में पाया गया है कि कई महीना से किशन देव का बिजली बिल 11 हजार 733 रुपये बकाया रहने के कारण इनका बिजली संबंध विच्छेद कर दिया गया था। लेकिन इन्होंने फिर से हुकिंग कर अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल किया। इनके यहां से कई मीटर तार जब्त किए गए है। इससे विभाग को करीब 5 हजार रुपए की क्षति हुई है। तीसरी छापेमारी किशोरी गली काली तल्ला निवासी राजेश गुप्ता के यहां की गयी। इनके यहां 11 हजार 434 रुपए बिजली बिल बकाया रहने के कारण संबंध विच्छेद कर दिया गया था। लेकिन फिर इन्हें गलत तरीके से हूकिंग कर बिजली उपभोग करते पाया गया। इससे विभाग को 5 हजार रुपए की क्षति हुई है। बहरहाल पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

इधर मामले को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ कई लोगों ने रोष प्रकट करते हुए कहा है कि कई नामी गिरामी और संपन्न उपभोक्ताओं के यहां विभाग का लाखों रुपए बकाया रहने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती है। आरोप है कि विभाग ऐसे लोगों पर ही कार्रवाई करता है जो गरीब तबके के हैं। इससे पहले छाताडंगाल के एक सब्जी विक्रेता को बकाया नहीं चुकाने को लेकर जेल भेज दिया गया था।