छात्रों ने फूंका विधायक का पुतला
जामताड़ाविधायक डा इरफान अंसारी के बयान का लगातार विरोध हो रहा है। विभिन्न संगठनों ने उनके बयान का विरोध किया है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने गुरूवार को स्थानीय इंदिरा चौक पर विधायक का पुतला दहन किया। इस दौरान छात्रों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित छात्रों ने कहा कि विधायक का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। विधायक जामताड़ा के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करना चाह रहें हैं। छात्रों ने कहा कि विधायक अपना संतुलन बनाए रखें। अन्यथा परिषद के छात्रों द्वारा जगह जगह पर काला झंडा दिखाने का कार्य किया जाएगा। छात्रों ने कहा कि परिषद द्वारा उनके खिलाफ गोलबंद होकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। छात्रों ने विधायक से अपना बयान वापस लेने की मांग की। इस अवसर पर अभाविप के दीनबंधु राउत, अजय राउत, अजय, पीयूष कुमार मंडल, ब्रजेश राउत, रमेश दास, दीनू बाउरी, रायसन मरांडी, खिरोद बाउरी, प्रकाश मंडल, विकास दे आदि उपस्थित थे। इससे पूर्व परिषद के छात्र जामताड़ा कॉलेज से रैली की शक्ल में इंदिरा चौक पहुंचे और नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इससे पूर्व बुधवार को इंदिरा चौक मिहिजाम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने विधायक डा इरफान अंसारी का पुतला दहन किया था।
विधायक का पुतला फूंकते छात्र संगठन के सदस्य।
वहीं दूसरी ओर विधायक के बयान की निंदा जामताड़ा जिला भाजपा के जिला महामंत्री सोमनाथ सिंह ने भी किया है। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा आरएसएस तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विरूद्ध इस प्रकार की बयानबाजी करना शोभा नहीं देता है। जनता विधायक या जनप्रतिनिधि से ऐसे बयान की उम्मीद नहीं करती है। उन्होंने कहा कि इरफान कल तक मंत्री पद की लालसा में दिल्ली में भाजपा नेताओं की दरबारी कर रहे थे। पार्टी द्वारा तवज्जो नहीं मिलने पर इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। इसकी जितनी भी निंदा की जाय वह कम है।
यह है मामला
गत10 फरवरी को जनजातीय संध्या महाविद्यालय मिहिजाम के शासी निकाय की बैठक में विधायक डा इरफान अंसारी ने कहा था कि महाविद्यालय में शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए अभाविप तथा आरएसएस जैसे संगठनों से परहेज रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अभाविप तथा अारएसएस के कारण कॉलेज का वातावरण गंदा होता है। कहा था कि इन संगठनों के छात्रों को पढाई लिखाई से कोई मतलब नहीं होता है। अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए पढनेवाले छात्रों को ये परेशान करते हैं।