तैयारी पूरी, विश्वकर्मा पूजा कल
मिहिजाम | देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की तैयारी अंतिम चरण में है। कई जगहों पर तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। मंगलवार देर रात तक सभी पूजा मंडपों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा मूर्तिकारों के यहां से लाकर स्थापित की जाएगी। विश्वकर्मा पूजा का यहां केंद्र बिंदु रहे चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (चिरेका) के विभिन्न वर्क शॉप में साफ सफाइ, सजावट आदि का कार्य किया जा रहा है। अकेले मिहिजाम में कानगोई स्थित विश्वकर्मा मंदिर में भी जोर शोर से तैयारी चल रही है। यहां पूजा आयोजक समिति के चंद्रेश्वर ठाकुर और नरेंद्र शर्मा आदि ने बताया कि वर्ष 1951 से विश्वकर्मा की पूजा आयोजित की जा रही है। इस वर्ष 17 सितंबर को पूजा के बाद प्रसाद वितरण और संध्या बेला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। पूजा को लेकर रेल नगरी सहित मिहिजाम में उत्साह का माहौल है।