नदी में बहे युवक का शव बरामद
थानाक्षेत्र के सिंहपुर पंचायत में इजरी नदी में बहे हरनाद निवासी 40 वर्षीय ललन महतो का शव सोमवार को गोताखोरों की मदद से निकाला गया। तीन गोताखोरों ने कोई तीन घंटे की मेहनत के बाद शव को खोज निकाला। कसमार थाना प्रभारी चंद्रभान राम भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि हरनाद निवासी स्व चरकु महतो का पुत्र ललन महतो रविवार को दोपहर के समय मवेशियों को चराने के लिए करमा जंगल की ओर गया था। काड़ाधोवा नाला के पास वह नदी को पार करने के दौरान बारिश के कारण नदीं के तेज बहाव में खुद को संभाल नहीं पाया और नदी में बह गया। मौके पर समीपवर्ती लिपु गांव के एक युवक ने उसे बहते देखा तो बचाने की कोशिश की, परंतु वह सफल नहीं हो पाया। नदी में काफी दूर तक खोजबीन की, परंतु ललन महतो का पता लगाने में सफलता नहीं मिली।