थाना परिसर में हुई प्रेमी युगल की शादी
कुछदेर के लिए नाला थाना का माहौल शनिवार को बदल गया। थाना परिसर का माहौल समारोह जैसा था और पुलिस बाले बाराती और शराती की भूमिका में नजर आए। मामला था प्रेम प्रसंग के तहत प्रेमी युगल के सात जन्मों का बंधन का। थाना परिसर में हीं प्रेमी युगल की शादी हुई। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कास्ता पंचायत अंतर्गत कुमबेदिया गांव की 21 वर्षीय फुलमुनी हेंब्रम एवं भेलाबेड़िया गांव के 29 वर्षीय विश्वनाथ सोरेन का प्रेम प्रसंग पिछले कई वर्षो से चल रहा था। इसकी भनक गांव वालों को लग गई थी। लोग मौके के इंतजार में थे। शनिवार को विश्वनाथ अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव आया था। जैसे हीं युवक कुमबेदिया आया ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और थाने ले आए। थाना प्रभारी अजित कुमार सिंह ने प्रेमी युगल से पूछताछ की। युवक-युवती ने शादी करने पर सहमति जताई।