सोरेन मुंडा का शासन सबसे खराब
प्रखंडक्षेत्र के बानरनाचा गांव स्थित विकास भवन में झाविमो का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। झाविमो के प्रधान महासचिव तथा पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। मौके पर उन्होंने कहा कि झाविमो का किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन हो लेकिन नाला विधानसभा से माधव चन्द्र महतो ही पार्टी के प्रत्याशी होंगे। कहा कि झारखंड की स्थिति अर्जुन मुंडा तथा हेमंत सोरेन के शासनकाल में बदतर हो गई है। झारखंड की खनिज संपदा को पुलिस प्रशासन के माध्यम से बेचा जा रहा है। नाला विधानसभा के नाला, बागडेहरी से प्रतिदिन 100 ट्रक कोयला प्रतिदिन बाहर भेजा जा रहा है। 27 हजार करोड़ की राशि सिंचाई के नाम पर खर्चा किया गया। लेकिन किसानों के खेतों में पानी नहीं पहुंच सका। आज झारखंड के स्कूलों में शिक्षक की बहाली नहीं हो पा रही है। अगर झाविमो की सरकार बनी तो 90 दिनों में शिक्षकों को बहाल किया जाएगा। डोमिसाइल के मुद्दे पर प्रदीप यादव ने कहा कि डोमिसाइल के लिए विभिन्न पार्टियों द्वारा आंदोलन किया जा रहा है। आज विभिन्न पार्टी डोमिसाइल को लेकर आपस में लड़ रही है। बीजेपी के अर्जुन मुंडा द्वारा बाबूलाल को बुलाया जा रहा है। प्रदीप यादव ने कहा कि क्या भाजपा में कोई दुल्हा नहीं है जो बाबूलाल को बुला रहे हैं। मौके पर माधव चन्द्र माहतो, जिला अध्यक्ष प्रदीप लाल, जिला महासचिव प्रो सुनिल कुमार हांसदा, ज्ञानेद्र महतो, नगेन्द्र महतो, श्रवण महतो, मुकुन्द मरांडी, विष्णु दास सहित अन्य उपस्थित थे।