झाविमो ने दिया ब्लाक पर धरना
क्षेत्रमें बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि बुनियादी सेवा की लचर व्यवस्था के विरोध में झाविमो ने मंगलवार को बीडीओ कार्यालय के समक्ष धरना दिया। इस मौके पर पार्टी के स्थानीय नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि राज्य में नई सरकार गठन के 40 दिन बीत गए हैं। लेकिन अब तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो सका है। भूमि अधिग्रहण विधेयक को निरस्त करने तथा स्थानीयता नीति बनाकर ही बहाली प्रक्रिया शुरू करने के लिए सबों ने जोरदार ढंग से मांग किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा झारखंड से लेकर देश स्तर पर घिनौनी राजनीति में उतर आई है। इस राज्य में सरकार चलाने के नाम पर विधायकों की खरीद फरोख्त किया जा रहा है। इस असंवैधानिक एवं अलोकतांत्रिक प्रक्रिया को अविलंब रोकना चाहिए। वरना राज्य में तानाशाह की नीति पनपेगी। कहा कि झाविमो इस नीति कार्यशैली का विरोध करती है तथा पार्टी बैनर से यह सिर्फ अंगड़ाई है। जनहित में लड़ाई तो अभी बाकी है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ता, समर्थक एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए माधव महतो ने कहा कि नाला क्षेत्र में बिजली सेवा पूरी तरह चरमरा गई है। नियमित बिल भुगतान के बाद भी विभाग द्वारा सेवा मुहैया कराये जाने पर यहां के उपभोक्ताओं को ठगने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक दशक पहले इस क्षेत्र में स्थापित सहायक अभियंता कार्यालय को हटाया गया है। अगर वह कार्यालय फिर से यहां स्थापित नहीं किया जाता है तो झाविमो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। चर्चा के दौरान बीपीएल सूची में हुई धांधली में सुधार कर झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले सभी परिवारों को इस योजना की लाभ पहुंचाने के लिए मांग की गई। इस क्रम में वक्ताओं ने कहा कि बीते महीने झाविमो नेता भगवान मंडल की हत्या का मामला उजागर कर ठोस कार्रवाई करने में प्रशासन अबतक उदासीन है। अंत में पार्टी के शष्ठी मंडल द्वारा बीडीओ के माध्यम से ग्यारह सूत्री मांगपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा गया।