- Hindi News
- गड़बड़ी का आरोप लगा किया उरमा पैक्स का घेराव
गड़बड़ी का आरोप लगा किया उरमा पैक्स का घेराव
कालूबथान | कालूबथानओपी क्षेत्र अंतर्गत पाथारकुआ पंचायत स्थित उरमा पैक्स में गुरुवार की संध्या 3 बजे से पाथारकुआ पंचायत की मुखिया अनिता गोराई के नेतृत्व में निरसा दक्षिण के दर्जनों गांवों के लगभग सैकड़ों लोगों ने उरमा पैक्स का घेराव कर तालाबंदी कर दी। तालाबंदी में पैक्स के प्रबंधक तथा उसके कर्मियों को कार्यालय के भीतर ही रखा गया। घेराव का नेतृत्व कर रही मुखिया अनिता गोराई ने बताया कि उरमा पैक्स द्वारा क्षेत्र के सैकड़ो पेंशनधारियों जिसमें मुख्य रूप से विकलांग, पेंशन, विधवा वृद्धा पेंशन में भारी गड़बड़ी की जानकारी मिली है। पेंशन धारियों का कहना है कि हमारे खाते में 600 रुपए अाता है, जबकि हमें मात्र 400 रुपए का ही भुगतान किया जाता है। वहीं कुछ विकलांगों का कहना था कि हमारे खाते में कुल 2800 की मासिक राशि आती है, जबकि उसका भुगतान कई किस्तों में हमें किया जाता है, जिससे हमें परेशानी होती है। अगर पैक्स प्रबंधन हमें भुगतान का लिखित आश्वासन देता है तो हम यह अनिश्चितकालीन तालाबंदी और घेराव समाप्त कर देंगे। इस संबंध में उरमा पैक्स के प्रबंधक परमेश्वर हांसदा ने कहा कि ऐसी गड़बड़ी की कोई बात नहीं है। मुखिया द्वारा लोगों को बरगलाकर ऐसा प्रदर्शन करवाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही कालूबथान ओपी पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है। तालाबंदी में रोबिन गोराई, सजल कर, आल्टू अंसारी, दीपक महतो, रूपलाल सोरेन थे।