- Hindi News
- सड़क हादसे में टिस्को के सीनियर मैनेजर की मौत
सड़क हादसे में टिस्को के सीनियर मैनेजर की मौत
हाता-चाईबासासड़क मार्ग पर मुरुमडीह गांव के समीप बुधवार को टाटा से नोवामुंडी जा रही अल्टो कार राजनगर के मुरुमडीह गांव में एक पलास के पेड़ से टकरा गई। इससे कार चला रहे टिस्को नोवामुंडी के सीनियर मैनेजर अनूप कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर राजनगर के थाना प्रभारी जेपीएन चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से मैनेजर के पिता डीएस लाल श्रीवास्तव और मां सुशीला श्रीवास्तव को तुरंत राजनगर के सीएचसी में भर्ती करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को तुरंत टीएमएच रेफर कर दिया गया। उधर, कार में चिपके मैनेजर के शव को सशस्त्र बल और ग्रामीणों ने गाड़ी का गेट तोड़कर बाहर निकाला। इस घटना से टिस्को नोवामुंडी में मातम छा गया। घटनास्थल पर अनूप के जीजा समेत कई लोग पहुंचे। मैनेजर अनूप कुमार बेंगलुरु अपने किसी रिश्तेदार की शादी में भाग लेकर फ्लाइट से कोलकाता आए थे। वहां से ट्रेन से जमशेदपुर आए फिर जमशेदपुर से कार से नोवामुंडी जा रहे थे। अनूप इलाहाबाद के रहने वाले थे। घायल माता- पिता को अनूप की मौत की जानकारी नहीं दी गई है।
दुर्घटनाग्रस्त कार के पास लगी भीड़ और घटनास्थल का मुआयना करती पुलिस।
कार पेड़ से टकराई, माता-पिता की हालत भी गंभीर, टीएमएच रेफर