डीजीपी ने सुनी व्यवसायियों की समस्याएं
मेदिनीनगर | राज्यके डीजीपी राजीव कुमार ने पलामू के व्यवसायियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। डीजीपी ने व्यवसायियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस आम आदमी की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने व्यवसायियों की मांग पर पलामू एसपी मयूर पटेल को कई दिशा-निर्देश दिए। पलामू जिला चैंबर ऑफ काॅमर्स के अध्यक्ष आनंद शंकर, डालटनगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विनोद उदयपुरी, पलामू जिला व्यवसायी संघ के प्रभात कुमार अग्रवाल समेत दर्जन भर व्यवसायी वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान उपस्थित रहे। इस दौरान आनंद शंकर ने महिला थाना केा शहर थाना में शिफ्ट कर थाना में महिला अधिकारियों पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की मांग की। साथ ही शहर थाना को अधिसूचित करने, व्यवसायियों को लाइसेंस मुहैया कराने, सड़क पर से अतिक्रमण हटाने, रांची की तरह शहर में भी यातायात पुलिस की अलग व्यवस्था बनाने की अधिसूचना जारी करते हुए यातायात निमय तोड़ने पर चालान काटने की प्रक्रिया शुरू करने, शहरी क्षेत्र में 6 बजे से 9 बजे तक विशेष गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित कराने, व्यवसायियों की बैठक थाना प्रभारी डीएपी स्तर पर महीना में एक बार कराने समेत कई ज्वलंत समस्याओं को रखा। साथ ही उन्होंने मेदिनीनगर के एवीआई नामधारी सेविंग एंड क्रेडिट एस कॉ-आॅपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के खाताधारियों का भुगतान कराने का आग्रह डीजीपी से किया। डीजीपी ने पलामू एसपी को इस संबंध में सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने एसपी से पूरी जानकारी प्राप्त की। इस संबंध में एसपी पटेल ने बताया कि मामले का अनुसंधान कार्य जारी है। अनुसंधान के दौरान आरोपी का पता चला है। आरोपी राज्य के बाहर रह रहे हैं, जिसे पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसपर डीजीपी ने कहा कि अनुसंधान कार्य तेज करते हुए शीघ्र कार्रवाई करें। उन्होंने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश भी पलामू पुलिस को दिया है।